Sunday, 10 June 2012

हीरो बनने को शक्ल और अक्ल जरूरी नहीं

नई दिल्ली। आमिर खान के शो सत्यमेव जयते में अब तक विभिन्न सामाजिक मुद्दों जैसे कन्या भ्रूण हत्या, ऑनर किलिंग, दहेज प्रथा पर चर्चा हो चुकी है। 13 कड़ियों वाले इस शो का छठा एपिसोड इस बार हीरोइज्म यानी हीरो बनने की तमन्ना रखने वाले करोड़ों लोगों को समर्पित होगा। प्रोमो में ही आमिर ने यह साफ कर दिया है कि हीरो बनने के लिए शक्ल और अक्ल की जरूरत नहीं होती। हालाकि यह स्पष्ट नहीं किया कि इसके लिए किस चीज की जरूरत होती है। अब यह तो एपिसोड देखने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ज्ञात हो कि पिछले एपिसोड में ऑनर किलिंग का मुद्दा उठाने की वजह से आमिर को हरियाणा की खाप पंचायतों का विरोध झेलना पड़ रहा है। खाप पंचायतों ने शो पर प्रतिबंध लगाने की माग की है। पाचवें एपिसोड में आमिर ने जहा ऑनर किलिंग का शिकार हुए प्रेमियों के परिवार वालों से बात की वहीं खाप को भी बोलने का मौका दिया। बातचीत के दौरान आमिर ने आमंत्रित खाप सदस्यों से पूछा था कि आपके बनाए कानून बड़े है या फिर भारत सरकार के, जो हर बालिग को अपना जीवनसाथी चुनने का अधिकार देता है। अपने बचाव में खाप सदस्यों ने कहा था कि मीडिया उन्हें गलत तरीके से पेश कर रहा है। शो में हरियाणा की मेहम चौबिसी खाप को आमंत्रित किया गया था। खाप का पक्ष रखते हुए रणबीर सिंह ने कहा था कि इस तरह की शादियों का गलत परिणाम वैज्ञानिक तौर पर भी साबित हो चुका है।

Monday, 4 June 2012

कुछ ऐसे अपना वो कर्ज चुका रही हैं सानिया मिर्जा

टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने पेस भूपति के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। सानिया ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उन्होंने शादी भले ही एक पाकिस्तानी से की है, लेकिन उनका दिल आज भी हिंदुस्तानी है। बड़े टूर्नामेंटों में अपने शानदार खेल से सानिया आज भी अपने देश के नमक का कर्ज चुका रही हैं।

विधायक पर गोली बरसाने वाले आरोपी गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में निर्दलीय (इनेलो)विधायक पर हमलावरों ने उनके दफ्तर के बाहर गोलियां बरसाई। आनन फानन में भरत को जनकपुरी के चंदन देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक को तीन गोलियां लगी। गोलियों को शरीर से निकाल लिया गया है और डॉक्टरों का कहना है कि मरीज की हालत अभी खतरे से बाहर है। नजफगढ़ के विधायक भरत सिंह पर हमले के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये सारे आरोपी नजफगढ़ के ही रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, भरत सिंह पर हमला आपसी रंजिश के चलते किया गया था। इस मामले में आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है।

सार्वजनिक बहस सनसनीखेज बनकर रह गई: पीएम

कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारतीयों में बढ़ रही असहिष्णुता के खिलाफ आगाह करते हुए कहा कि लगता है सार्वजनिक बहस सनसनीखेज बनकर रह गई है। साथ ही पीएम ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि हाल के दिनों में वैचारिक मतभेद रखने वाले हमारे लोगों में असहिष्णुता बढ़ती जा रही है जो प्रचलित मान्यता के विपरीत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सभ्यता में सामाजिक सद्भाव को संरक्षित रखने और अलग-अलग विचार, पहचान और सांस्कृतिक मतभेदों को समाहित करके सुलह को बढ़ावा देने की समृद्ध परंपरा है। वह कलकत्ता विश्वविद्यालय में भारतीय विज्ञान कांग्रेस समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं वैज्ञानिक समुदाय के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे मुखर हों और देश के सामने खड़े मुद्दों पर एक सूचनापरक और तर्कसंगत बहस खड़ी करने में प्रभावी योगदान दें। हमारे वैज्ञानिकों की आवाज महत्वपूर्ण है और उसे सुना जाना चाहिए। उन्होंने विज्ञान को विकास को गति देने के साधन के रूप में इस्तेमाल किए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य में विज्ञान पर बोझ बढ़ेगा।

Saturday, 19 May 2012

नाराज इटली ने राजदूत वापस बुलाया

रोम। दो भारतीय मछुआरों की हत्या के मामले में दो इतालवी नौसैनिकों के खिलाफ आरोप पत्र पेश होने से नाराज इटली ने अपने राजदूत जी एस डी मोंटफोर्ट को वापस बुला लिया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा मोंटफोर्ट को विचार-विमर्श के लिए बुलाया गया है। इटली इन हत्याओं को दुर्घटना मानता है और चाहता है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय कानून लागू हो। चूंकि घटना अंतरराष्ट्रीय जलसीमा में हुई है इसलिए नौसैनिकों के खिलाफ मामला भारत की बजाय इतालवी अदालतों में चलना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, इटली की कार्रवाई हैरान करने वाली है। सलाह मशविरा हमेशा मददगार होता है पर इसके लिए नई दिल्ली से राजदूत को वापस ही बुला लेना ठीक नहीं। मैसिमिलियानो और सल्वातोरे गिरोन नाम के दोनों नौसैनिक इटली के माहवाहक जहाज एनरिक लेक्सी की सुरक्षा में तैनात थे। गत पंद्रह फरवरी को इन्होंने भारतीय मछुआरों को समुद्री लुटेरा समझ कर उनकी नौका पर गोली चला दी थी, जिसमें वी जलास्टीन और अजेश बी की मौत हो गई थी। घटना के वक्त इतालवी पोत भारतीय तट से 20.5 समुद्री मील दूर था। स्थानीय प्रशासन के समक्ष समर्पण करने के बाद ये केरल में गिरफ्तार किए गए थे, और वर्तमान में तिरुवनंतपुरम के केंद्रीय जेल में बंद हैं। केरल पुलिस की विशेष जांच शाखा [एसआइटी] ने शुक्रवार को इनके खिलाफ कोल्लम के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में 196 पृष्ठ का आरोप पत्र पेश किया। एसआइटी इससे पहले इस मामले में 60 गवाहों से पूछताछ कर चुकी है। इसमें घटना से जुड़े 126 दस्तावेज और 46 अन्य तथ्यों [मैटेरियल ऑब्जेक्ट्स] की भी जांच की गई। आरोप पत्र में कहा गया है कि दोनों ने निहत्थे मछुआरों पर गोली चलाई। इनके खिलाफ आइपीसी की धारा 307 [हत्या का प्रयास], 427 [नुकसान का कारण] और धारा 34 [समान नीयत से काम करने] के तहत आरोप तय किए गए हैं। भारत आए इटली के उप विदेश मंत्री स्टेफन डे मिस्तुरा ने शुक्रवार को कहा कि दोनों भारतीय मछुआरों की हत्या एक दुर्घटना थी। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में घटी इस घटना की सुनवाई का भारतीय अदालत को अधिकार नहीं है। मिस्तुरा दोनों नौसैनिकों से गुरुवार को जेल में मिले थे व लंबी अदालती प्रक्रिया पर भी चिंता जताई थी। 

बाबा जय गुरुदेव का मथुरा में निधन

बाबा जय गुरुदेव का शुक्रवार को यहां निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। दस दिन गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में रहने के बाद उनके शिष्य उन्हें शुक्रवार की शाम उनकी इच्छानुसार मथुरा स्थित आश्रम में लेकर आए थे। आश्रम प्रबंधक संतराम चौधरी ने बताया कि शु्क्रवार की रात नौ बजकर 52 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने बताया कि बाबा का अंतिम संस्कार आश्रम परिसर में ही किया जाएगा, किन्तु अंतिम संस्कार की विधि एवं तिथि का निर्णय आश्रम की प्रबंधन समिति करेगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को समिति की बैठक आयोजित की गई है, जिसमें सभी सदस्यों की राय के अनुसार आम सहमति बनाकर तय किया जायेगा कि उनका संस्कार कब और किस प्रकार किया जाए।

कार्टून मामला: ममता ने गुस्से में छोड़ा टीवी शो

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री शुक्रवार को उस समय भड़ककर टेलीविजन परिचर्चा से बाहर निकल आईं जब दर्शकों में शामिल कुछ सदस्यों ने उनसे उनका मजाक उड़ाने वाला एक कार्टून भेजने के लिए एक प्रोफेसर की गिरफ्तारी के बारे में पूछ लिया। जाधवपुर विश्वविद्यालय के एक छात्र ने जब उनसे प्रोफेसर अंबिकेश महापात्रा की गिरफ्तारी के बारे में पूछा तो ममता ने कहा कि यह कार्टून नहीं है। हम कार्टून पसंद करते हैं। कार्टून अलग चीज है। वह माकपा का आदमी है। उसने अपने समाज के लोगों की मर्जी के बिना उनके ई-मेल का दुरुपयोग किया। उसने उसे 60 लोगों को भेजा। उन्होंने दावा किया कि प्रोफेसर एक बौद्धिक नहीं बल्कि ‘माकपा का एजेंट’ है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद माकपा ने हजारों सीडी भेजी थीं, यदि आप महिला हैं और यदि आप उसे देख लें तो आप शर्मसार होते।